प्रधानमंत्री आवास के बाहर छात्रों के मुद्दों को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद हिरासत में लिए गए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी
से वायरल हो रहा है. वीडियो में राहुल गांधी दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर की सीढ़ियों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान उनके एक पैर में जूता है,
जबकि दूसरा पैर नंगा नजर आ रहा है. वीडियो में राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे, शिक्षा व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अपनी बात रखते दिखाई दे रहे हैं.
वायरल वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि संसद में छात्रों के मुद्दों और देश की शिक्षा प्रणाली के ध्वस्त होने पर चर्चा कराने की मांग की गई थी,
लेकिन सरकार ने इस पर बहस की अनुमति नहीं दी. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों से जुड़े इतने गंभीर विषय पर संसद में चर्चा से बचा गया.
राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में तीन प्रमुख मांगें भी रखीं. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की, छात्रों पर कथित अत्याचार करने वालों के खिलाफ
कार्रवाई की मांग उठाई और प्रदर्शन से जुड़े छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की बात कही. इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के युवाओं से माफी मांगने और
शिक्षा व परीक्षा प्रणाली में तत्काल सुधार शुरू करने की अपील की. इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने मंगलवार को प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरना-प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन के दौरान मंगलवार शाम राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया.
हिरासत में लिए जाने के बाद कुछ नेताओं को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया, जबकि राहुल गांधी समेत कुछ अन्य नेताओं को छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर ले जाया गया.
यहीं से राहुल गांधी का वीडियो सामने आया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हिरासत के कुछ घंटे बाद राहुल गांधी और अन्य हिरासत में लिए गए
नेताओं को छत्रसाल स्टेडियम से रिहा कर दिया गया. इस बीच कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी भी हिरासत में लिए गए नेताओं से मिलने मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं.


